Home रोजगार यूपी बनेगा देश का नंबर-1 टेक्नोलॉजी हब: जितिन प्रसाद

यूपी बनेगा देश का नंबर-1 टेक्नोलॉजी हब: जितिन प्रसाद

0
190
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी।

ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दूसरी दिन भी अच्छा रिस्पांस देखने को मिला। ट्रेड शो के दूसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश अब केवल इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का केंद्र बनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एआई, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उत्तर प्रदेश देश का अगला ग्रोथ इंजन बनने की ओर है।

शनिवार को यूपीज जर्नी फ्रॉम इलेक्ट्रॉनिक्स लीडर टू एआई एंड सेमीकंडक्टर पावरहाउस’ सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कहा कि वह दिन दूर नहीं जब देश और दुनिया में निवेश की चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख हब बनाना है और इसके लिए राज्य में तेजी से जरूरी इकोसिस्टम तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में परिवर्तन स्पष्ट दिखाई दे रहा है। केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय वाली डबल इंजन सरकार इस बदलाव को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी और ट्रेड देश की विकास यात्रा के दो महत्वपूर्ण इंजन हैं और उत्तर प्रदेश इनके माध्यम से नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकता है।

ट्रेड शो में स्टॉल का निरीक्षण करते केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी।
ट्रेड शो में स्टॉल का निरीक्षण करते केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी।

नोएडा से आगे पूरे यूपी में टेक्नोलॉजी का विस्तार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब प्रयास केवल नोएडा तक निवेश सीमित रखने का नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी के अवसर पैदा करने का है। इसका सीधा लाभ राज्य के युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सैमसंग और योटा जैसे बड़े निवेश, डाटा सेंटर्स, एआई लैब्स व अन्य टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदेश में बन रहे नए इकोसिस्टम की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। सरकार का प्रयास है कि राज्य में डिजाइन से लेकर सेमीकंडक्टर कॉम्पोनेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट तक पूरी वैल्यू चेन विकसित हो।

असेंबली से कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग की ओर बढ़ेगा यूपी

जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत अब केवल उत्पादों की असेंबली करने वाला देश नहीं रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम जैसी पहल के जरिए देश कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में बढ़ रहा है। प्रदेश इस परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत कीh डिजाइन क्षमता और प्रतिभा को दुनिया पहले से पहचानती है। अब इसी ताकत के साथ मैन्युफैक्चरिंग क्षमता जोड़ने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का निर्माण तथा उन्हें घरेलू और वैश्विक बाजारों तक पहुंचाना इस विजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

सरकारी मदद का लाभ लें, लेकिन आत्मनिर्भर बनें उद्योग

केंद्रीय मंत्री ने उद्योग जगत को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी प्रोत्साहन और सब्सिडी विकास को गति देने का माध्यम हैं, लेकिन उद्योगों की दीर्घकालिक सफलता उनकी अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता पर निर्भर करेगी। सरकार जमीन, नीतियां, मंजूरियां और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन उद्योगों को अंततः कॉम्पिटेटिव और सेल्फ सस्टेनिंग बनना होगा।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार उद्योगों की जरूरतों को समझते हुए सक्रिय और गुड गवर्नेंस के साथ काम कर रही है। निवेशकों को सुरक्षित और स्थिर नीतिगत वातावरण देना जरूरी है, ताकि वे लंबी अवधि के फैसले ले सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here