
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान बुधवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में दूसरे दिन भी जनता दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने समस्या व शिकायत लेकर आए लोगों से कहा कि चिंता मत करिए, सरकार हर व्यक्ति की समस्या का समाधान प्रतिबद्धता से कराएगी। जनता दरबार के दौरान सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों को समुचित इलाज की व्यवस्था हो,जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। हालांकि आज 150 लोगों की समस्या सुनी और अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
गुरु पूजा करने के बाद सीएम योगी ने की गोसेवा
मुख्यमंत्री योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर प्रवास पर होते हैं, तो प्रातःकाल गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज की समाधि स्थल पर जाकर शीश झुकाना उनकी दिनचर्या में शामिल होता है। इस बुधवार उनके लिए गुरु की विशेष पूजा का अवसर था। बुधवार को (आश्विन कृष्ण चतुर्थी) को ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ महाराज की 12वीं पुण्यतिथि पर गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी विशेष पूजा अर्चना की। मंदिर प्रवास के दौरान पारंपरिक दिनचर्या के अनुसार मुख्यमंत्री गोसेवा करने गोशाला में भी पहुंचे। यहां उन्होंने गायों और गोवंश को स्नेहिल भाव से गुड़ खिलाया। गोशाला में मुख्यमंत्री के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए संतजन भी उपस्थित रहे।