Home विशेष दो लाख दीपमालाओं से जगमग हो उठा महानगर , स्वच्छता ही सेवा...

दो लाख दीपमालाओं से जगमग हो उठा महानगर , स्वच्छता ही सेवा अभियान का हुआ आरंभ

0
100
कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्वलित करते अधिकारीगण व लोग
          कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्वलित करते अधिकारीगण व लोग।

मुरादाबाद। गुरुवार की शाम महानगर में आलौकिक दृश्यदेखने को मिला। ढलती शाम के साथ चारों ओर जलती दीपमालाओं से मानो शहर सराबोर हो उठा। यह नजारा स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के आरंभ के अवसर पर देखने को मिला। नगर निगम की ओर से शहरभर में एक साथ करीब दो लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शाम छह बजते ही अलग-अलग स्थानों पर दीप रोशन हुए और महानगर रोशनी से नहा उठा। स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारियों समेत शहरवासियों ने भी हिस्सा लिया। हालांकि यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा।

दिल्ली रोड स्थित प्रमुख चौराहे पर जलते दीप।
                  दिल्ली रोड स्थित प्रमुख चौराहे पर जलते दीप।

दीप प्रज्वलित होते ही जगमग हो उठे शहर के प्रमुख स्थान

नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख स्थलों के साथ ही सभी 70 वार्डों को शामिल किया गया। जिसमें श्रीराम वाटिका और हनुमान वाटिका में 25-25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि संविधान पार्क 25 हजार दीपों से जगमग हो उठा, तो वही मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क में 15 हजार दीप जलाए गए। इसके साथ ही महानगर के सभी 70 वार्डों में एक-एक हजार दीपों से स्वच्छता का संदेश रोशन किया गया। सर्किट हाउस, प्रमुख चौराहों और दिल्ली रोड स्थित स्मारकों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। निर्धारित समय के अनुसार अनेक स्थानों पर एक साथ दीप जलाएं गए।

कार्यक्रम में उपस्थितजनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण
        कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधिगण व अधिकारीगण।

नगर आयुक्त ने दी कार्यक्रम की जानकारी

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता को लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया गया है, ताकि आने वाला युवा वर्ग और लोग अपने घर,मोहल्ले व आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के साथ स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे। क्योंकि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी न रहकर प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का भी हिस्सा बन सके। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा और समाज व देश के उत्थान के लिए एकता का भी संदेश देना होगा। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प के तहत सुबह स्वच्छता रैली निकाली गई। अंत में कहा कि कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को स्थलवार जिम्मेदारियां दी गई थी। टीमों द्वारा अपने स्थलों पर मौजूद रहकर साफ- सफाई, दीपों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इस मौके पर एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, गौ सेवा आयोग सदस्य दीपक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, प्रिया अग्रवाल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here