
मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को तहसील सदर और ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं को परखा और आमजन से जुड़ी सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण के लिए कर्मियों को निर्देशित किया।

सोमवार को जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा और एडीएम प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारियों ने ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और वेयरहाउस में की गई अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही तहसील परिसर में विभिन्न पटलों और अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और लंबित प्रकरणों की भी कर्मियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी मामलों का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।